बिल्जू कप 2021
बिल्जू कप का पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला शनिवार बिल्जू- ए बनाम मॉर्निंग स्टार-बी के बीच खेला गया। तथा तीन टीमों ने ड्रा के माध्यम से सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में प्रवेश करने वाली टीम मॉर्निंग स्टार-ए, मॉर्निंग स्टार-सी तथा दराती-बी की टीम है। सेमीफाइनल के दोनों की मुकाबले कल खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल मुकाबला बिल्जू-ए और मॉर्निंग स्टार-ए के बीच खेला जाना तय है। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला दराती-बी बनाम मॉर्निंग स्टार- सी के बीच खेला जाएगा। जोकि क्रमशः सायंकालीन 3 एवं 4 बजे से खेला जाएगा।
बिल्जू-ए की टीम ने किया सेमीफाइनल में प्रवेश
आज का एकमात्र क्वार्टर फाइनल मुकाबला बिल्जू- ए और मॉर्निंग स्टार-बी के बीच शाम 4:30 बजे से खेला गया। इस मुकाबले में बिल्जू की टीम 3-0 से जीतने में सफल रही। पहले हाफ की समाप्ति तक स्कोर 0-0 रहा। इस दौरान दोनों ही टीमों ने गोल करने के बहुत प्रयास किए। परंतु किसी भी टीम को सफलता नहीं मिली। पूरे ही टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में चल रही बिल्जू की टीम दूसरे हाफ के शुरुआत में ही गोल करने में सफल रही। यह गोल पेनल्टी एरिया में हैंडबॉल होने के कारण पेनल्टी करार दिए जाने के बावजूद प्राप्त हुई। जिसे विमल लस्पाल के द्वारा किया गया। मुकाबले का दूसरा गोल चालाकी से ली गई सैटपीस के द्वारा प्राप्त हुई। इस गोल में विमल लस्पाल ने अपने अनुभव का बखूबी इस्तेमाल किया। जब तक प्रतिद्वंदी टीम वापस अपने हाफ में सुदृढ़ होती तभी जल्दी से ली गई थ्रो इन द्वारा यह गोल करने में बिल्जू की टीम सक्षम रही। मैच के अंतिम समय में दिगंबर बृजवाल ने गोल कर बढत को और मजबूत किया। नतीजा यह रहा कि बिल्जू की टीम ने मॉर्निंग स्टार-बी की टीम को 3-0 के बड़े अंतर से पराजित किया।
इस मुकाबले में मुख्य निर्णायक की भूमिका धीरज सिंह बृजवाल तथा सहायक निर्णायक की भूमिका ईशु मेहता और युवराज मर्तोलिया ने निभाई। इस मुकाबले के मुख्य अतिथि लक्ष्मण सिंह पांगती (लछबू) जिनका खेलकूद प्रतियोगिता एवं सामाजिक, सांस्कृतिक क्रियाकलापों में व्यक्तिगत तौर पर सक्रिय भागीदारी एवं सहयोग हमेशा मिलता रहता है। विशिष्ट अतिथि महोदय के तौर पर ललित सिंह जंगपांगी (अध्यक्ष हरि स्मारक समिति दुम्मर) मौजूद रहे। कॉमेंटेटर की भूमिका पंकज सिंह बृजवाल (ग्राम प्रधान तल्ला दुम्मर) द्वारा निभाई गई। जिनका प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु सहयोग अनुकरणीय है।
![]() |
| Quarter final match |
प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु एक अनूठा कदम
बड़े हर्ष के साथ सूचित किया जाता है कि भूपेंद्र सिंह बृजवाल पोत्र स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय त्रिलोक सिंह बृजवाल (दिल्ली निवासी) के द्वारा आयोजन के शुरुआती मुकाबले से लेकर समाप्ति मुकाबले तक सभी टीमों के खिलाड़ियों हेतु एनर्जी ड्रिंक, रिफ्रेशमेंट एवं मुख्य अतिथियों के लिए जलपान की व्यवस्था मुहैया कराई जा रही है। नवयुवक क्लब तल्ला दुम्मर उनका आभार प्रकट करती है।
